पति निकला पत्नी का हत्यारा रायपुर में गला घोंटकर हत्या
रायपुर मे पत्नी
की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर
लिया है। मामला कोतवाली
थाना क्षेत्र का है जहां
पारिवारिक विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और फरार
हो गया था। मृतका
की पहचान पार्वती साहू के रूप में हुई है जो
छुईया तालाब के पास किराए के मकान में रहती थी। 28 अप्रैल को वह घर में अचेत अवस्था में
मिली थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां
डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा
था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद
हत्या का खुलासा हुआ। 8 मई
को रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के
खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना
से पहले पार्वती को आखिरी बार उसके पति ललित उर्फ विक्की साहू के साथ देखा गया था।
घटना के बाद से आरोपी भी गायब था जिससे
पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत
में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी
के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ,
जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कपड़े से
पत्नी का गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की
कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतका के
परिवार में मातम पसरा हुआ है।














