तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय ने पद संभालते ही बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए राज्य में धार्मिक स्थलों  स्कूल कॉलेजों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में मौजूद 717 TASMAC शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। सरकार ने निर्देश दिया है कि यह कार्रवाई अगले 15 दिनों के भीतर पूरी की जाए। सरकारी आदेश के मुताबिक बंद होने वाली दुकानों में 276  दुकानें धार्मिक स्थलों के पास  186  शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और 255 बस स्टैंडों के नजदीक स्थित हैं। यह फैसला लंबे समय से उठ रही जनता की मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। तमिलनाडु में शराब की दुकानों को लेकर लंबे समय से विवाद और विरोध देखने को मिलता रहा है। राज्य में वर्तमान में करीब 4 765 सरकारी शराब की दुकानें संचालित हैं  जिनसे सरकार को हजारों करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद स्कूलों  कॉलेजों और पूजा स्थलों के पास शराब की दुकानों को हटाने की मांग लगातार उठती रही है। इससे पहले एम के स्टालिन सरकार ने भी वर्ष 2023 में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद लगभग 500 दुकानों को बंद करने का फैसला लिया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री  जयललिता ने 2016 में चरणबद्ध तरीके से शराब की दुकानों को कम करने की पहल शुरू की थी। मुख्यमंत्री विजय ने हाल ही में शपथ ग्रहण के बाद राज्य में 200 यूनिट मुफ्त बिजली  महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा और वित्तीय स्थिति पर व्हाइट पेपर जारी करने जैसे कई बड़े ऐलान किए हैं। अब शराब की दुकानों को लेकर लिया गया यह फैसला भी तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।