रामगढ़ जिले में किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने निजी विद्यालयों द्वारा री एडमिशन और वार्षिक शुल्क के नाम पर कथित मनमानी वसूली को लेकर जिला प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया है। मोर्चा ने कहा कि शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि रामगढ़ जिले के कई निजी विद्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार के आदेशों की अनदेखी करते हुए अभिभावकों से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि रामप्रसाद चन्द्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर रामगढ़ कैंट में वार्षिक शुल्क री एडमिशन और अन्य चार्ज के नाम पर मनमाने तरीके से पैसे लिए जा रहे हैं।मोर्चा के अनुसार 6 मई 2026 को जब अभिभावक अप्रैल माह की फीस जमा करने पहुंचे तब स्कूल प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त शुल्क की मांग की गई।उन्होंने दावा किया कि झारखंड सरकार ने ऐसे अतिरिक्त चार्ज नहीं लेने का निर्देश दिया है लेकिन स्कूल प्रबंधन खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहा है।मोर्चा ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।साथ ही जिन विद्यार्थियों से वार्षिक शुल्क या अन्य अतिरिक्त चार्ज लिया गया है उन्हें राशि वापस कराने की भी मांग उठाई गई है।