गिरिडीह शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने महिला शक्ति पेट्रोलिंग अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत फिलहाल पांच स्कूटी पर 10 महिला पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है, जो शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखेगी।अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार एसडीपीओ जीतवाहन उरांव डीएसपी नीरज सिंह डीएसपी कौसर अली इंस्पेक्टर मंटू कुमार और नगर थाना प्रभारी रतन सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।पुलिस प्रशासन की यह विशेष टीम महिला कॉलेज निजी स्कूल कोचिंग सेंटर और उन क्षेत्रों में निगरानी रखेगी जहां छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से जुड़े अपराध छेड़खानी और ईव टीजिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी ताकि महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित महसूस कर सकें।पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं डायल 112 या जिला कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क कर महिला पेट्रोलिंग टीम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।इसी दौरान सर जेसी बोस स्कूल के पास पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। उद्घाटन के बाद महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने वहां से आरके महिला कॉलेज तक पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में महिला शक्ति पेट्रोलिंग अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।