सरायकेला रामकृष्ण कास्टिंग में धरना विवाद
सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक
क्षेत्र स्थित रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड परिसर के बाहर पिछले 9 दिनों से चल रहा कर्मचारियों का धरना
मंगलवार को विवादों में घिर गया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन पर टेंट तोड़ने
और धक्का मुक्की करने का आरोप लगाया है।धरना दे
रहे पूर्व कर्मचारियों का आरोप है कि सुबह कुछ लोग धरना स्थल पर पहुंचे और वहां
लगे टेंट को जबरन हटाने लगे। विरोध करने पर प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का मुक्की की गई और मोबाइल फोन छीनने की भी
कोशिश हुई।घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन
गई।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक कंपनी में काम किया लेकिन प्रबंधन
परिवर्तन और कंपनी अधिग्रहण के बाद उन्हें असमंजस की स्थिति में छोड़ दिया गया।कर्मचारियों
की मांग है कि या तो उन्हें दोबारा रोजगार दिया जाए या फिर उचित अंतिम सेटलमेंट कर
भुगतान किया जाए ताकि वे अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें।कंपनी की ओर से शक्ति नाथ सेनापति ने आरोपों को
खारिज करते हुए कहा कि टेंट हटाने की कार्रवाई कंपनी नहीं बल्कि वन विभाग की ओर से
की गई।उनके अनुसार वन विभाग द्वारा पिछले तीन दिनों से टेंट हटाने के निर्देश दिए
जा रहे थे।उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व की JMT कंपनी का अधिग्रहण NCLT के आदेश के तहत हुआ है इसलिए पुरानी
देनदारियों और रोजगार संबंधी दावों में नई कंपनी की प्रत्यक्ष कानूनी जिम्मेदारी
नहीं बनती।धरना दे रहे कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं
होतीं आंदोलन
जारी रहेगा। फिलहाल स्थानीय प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।














