हरियाणा नगर निकाय चुनाव 2026 बीजेपी की बड़ी जीत
हरियाणा नगर निकाय चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने कई अहम सीटों
पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। सोनीपत नगर निगम चुनाव में
भाजपा नेता राजीव जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को भारी अंतर से हराकर मेयर
की कुर्सी अपने नाम कर ली। मतगणना के अनुसार राजीव जैन को 78035
वोट मिले जबकि
कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान 54788 वोटों पर सिमट गए। भाजपा प्रत्याशी ने 23247 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
वहीं इनेलो के उम्मीदवार आनंद कुमार को सिर्फ 5210 वोट मिले। अंबाला नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी
अक्षिता सैनी ने कांग्रेस की कुलविंदर कौर सैनी को 21 358 वोटों से हराकर मेयर पद पर कब्जा जमाया।
अक्षिता सैनी को कुल 52794 वोट
मिले। अंबाला
के 20 वार्डों में से 16
पर भाजपा समर्थित पार्षदों की जीत ने
पार्टी की स्थिति और मजबूत कर दी है। इससे नगर निगम की कमान पूरी तरह भाजपा के हाथ
में आ गई है। उकलाना
नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस समर्थित रीमा सोनी ने भाजपा की निकिता गोयल को 2806
वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया। धारूहेड़ा नगर पालिका
में भाजपा के अजय जांगड़ा चेयरमैन चुने गए। उन्हें 9392 वोट मिले। वहीं पूर्व चेयरमैन बाबू लाल
लांबा दूसरे स्थान पर रहे। सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा के
प्रवीन ने निर्दलीय उम्मीदवार अंकित सिंह को 687 वोटों से हराया। प्रवीन को कुल 4391
वोट मिले। हरियाणा के कई प्रमुख नगर निकायों में
भाजपा की इस जीत को पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।














