गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत तेलमकरी आंगनबाड़ी केंद्र से मईया सम्मान योजना में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। केंद्र की सेविका रोशन आरा पर योजना सत्यापन के नाम पर महिलाओं से पैसे लेने का आरोप लगा है।जानकारी के अनुसार फॉर्म पर सिग्नेचर करने के बदले प्रत्येक लाभुक से 200 रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया गया है। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीब महिलाओं के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ कर्मियों द्वारा इन्हें कमाई का जरिया बनाया जा रहा है।लोगों ने आरोप लगाया कि बिना पैसे दिए फॉर्म पर सिग्नेचर नहीं किया जा रहा था जिससे जरूरतमंद महिलाएं परेशान थीं।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित सेविका पर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पूरे मामले की सही जांच हुई तो और भी कई खुलासे हो सकते हैं।फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।