उत्तर प्रदेश के कानपुर में लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे पुलिसकर्मियों पर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा एक्शन लिया है। विभाग ने छुट्टी लेकर वापस ड्यूटी पर नहीं लौटने वाले 14 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है  जबकि 118 अन्य पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जानकारी के मुताबिक ये पुलिसकर्मी दो से पांच दिन की छुट्टी लेकर गए थे  लेकिन उसके बाद बिना किसी सूचना के लंबे समय से ड्यूटी से गायब थे। विभागीय जांच में मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की। जांच में पता चला कि सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मी 37 दिनों से लेकर 152 दिनों तक ड्यूटी पर नहीं लौटे। वहीं सिपाही दुष्यंत सबसे ज्यादा 168 दिनों से गैरहाजिर बताए गए हैं। इसके अलावा सब इंस्पेक्टर मोनू सिंह 54 दिनों से ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। पुलिस विभाग के अनुसार इन सभी पुलिसकर्मियों को पहले भी नोटिस भेजे गए थे  लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद राज्य कर्मचारी अनुशासन नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में पुलिस लाइन में तैनात दो दारोगा भी शामिल हैं। कमिश्नरेट ने साफ किया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक जुलाई 2025  में भी 161 पुलिसकर्मियों की जांच की गई थी  जिसमें कई कर्मियों के लंबे समय तक गैरहाजिर रहने का मामला सामने आया था। पुलिस कमिश्नर मुख्यालय संकल्प शर्मा ने कहा कि सभी गैरहाजिर पुलिसकर्मियों को दोबारा नोटिस भेजे गए हैं। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगे और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।