गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मबाबा स्थान धमड़ी रोड पर हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई लाल रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल समेत तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ब्रह्मबाबा स्थान धमड़ी रोड पर अपराधियों ने एक व्यक्ति से टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। मामले में मेहरमा थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।पुलिस अधीक्षक गोड्डा को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी ब्रजेश कुमार मंडल और सूरज कुमार मंडल अपने गांव मोहनपुर थाना एकचारी दियारा, जिला भागलपुर बिहार में मौजूद हैं।सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई लाल रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल ओप्पो मोबाइल और सैमसंग मोबाइल बरामद किया।पुलिस के अनुसार इस घटना में एक अन्य आरोपी भी शामिल था, जो फिलहाल भागलपुर जिले के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में है। उसके खिलाफ आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी ब्रजेश कुमार मंडल पर भी मेहरमा थाना समेत कई थानों में चोरी लूट और मारपीट के मामले दर्ज हैं।पूरी कार्रवाई मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई। छापामारी दल में पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल रही।