नई दिल्ली:  दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक घायल व्यक्ति को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। वहीं, मामले में नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंत्री आशीष सूद के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने की दुखद घटना हुई है। अब तक दो शव बरामद किए गए हैं और एक घायल व्यक्ति को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

दो इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार के खिलाफ FIR

हादसे के बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। वहीं, निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही को नजरअंदाज किया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

राहत-बचाव अभियान में कई एजेंसियां तैनात

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नगर निगम (MCD), CATS और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों को तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

तीसरी मंजिल पर चल रहा था छत डालने का काम

दिल्ली पुलिस के अनुसार, चावड़ी बाजार में जिस इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था, उसे अवैध और असुरक्षित घोषित किया गया था। सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इमारत की तीसरी मंजिल पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत ढहने लगी।

घटना के समय वहां कुछ मजदूर काम कर रहे थे और ठेकेदार भी मौजूद था। इमारत गिरने की स्थिति बनने पर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान कुछ मजदूर मलबे में फंस गए। पुलिस के मुताबिक, तीन लोगों की पहचान की गई है और तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सीएम सख्त

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोग अक्सर अपने घर या इमारत का निर्माण कराते समय सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज कर देते हैं। इससे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों की जान को खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे नियमों के उल्लंघन पर समय रहते कार्रवाई करें। यदि कोई अधिकारी लापरवाही को अनदेखा करता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।