रांची: झारखंड में प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण राजकीय, अराजकीय एवं अल्पसंख्यक नियमित परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा सत्र 2024-26 के लिए पंजीकृत प्रशिक्षु इसमें आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई है।

राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) से मान्यता प्राप्त और जैक से संबद्ध प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों के साथ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

20 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क आवेदन

जैक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन और बैंक चालान जनरेट करने की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने के लिए 25 नवंबर तक का समय दिया गया है।

लेट फीस के साथ 28 नवंबर तक मौका

निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले प्रशिक्षुओं को विलंब शुल्क के साथ भी फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 21 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इस अवधि में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 2 दिसंबर तक बैंक में परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे।

संस्थानों को 9 दिसंबर तक जमा करनी होगी सूची

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों को भी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। संस्थानों को जैक की वेबसाइट से डाउनलोड की गई कंसोलिडेटेड लिस्ट और बैंक चालान की प्रति 9 दिसंबर 2026 तक परिषद कार्यालय में जमा करनी होगी।

किन अभ्यर्थियों के लिए है परीक्षा?

यह परीक्षा सत्र 2024-26 के पंजीकृत प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें NCTE से मान्यता प्राप्त और जैक से संबद्ध प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के वे प्रशिक्षु आवेदन कर सकते हैं, जिनका प्रशिक्षण सत्र 30 अगस्त 2026 तक पूरा हो रहा है।

जैक ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लेने की सलाह दी जाती है।

महत्वपूर्ण तारीखें एक नजर मे

प्रक्रिया       

निर्धारित तिथि

बिना विलंब शुल्क आवेदन

5 से 20 नवंबर 2026

सामान्य शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि

25 नवंबर 2026

विलंब शुल्क के साथ आवेदन

21 से 28 नवंबर 2026

विलंब शुल्क के साथ बैंक में फीस जमा

2 दिसंबर 2026

संस्थानों द्वारा सूची व चालान जमा

9 दिसंबर 2026