साहेबगंज:  शहर के हरिपुर स्थित सेंट्रल स्कूल में गुरुवार को विद्यार्थी पुलिस छात्रदल परियोजना (स्टूडेंट पुलिस कैडेट) के तहत साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को इंटरनेट अपराध, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार थे।

इस दौरान एसडीपीओ सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को विद्यार्थी पुलिस छात्रदल परियोजना की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने अनुशासन, कानून के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, इंटरनेट अपराध प्रकोष्ठ के प्रभारी पंकज वर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी या डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति सामने आने पर क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करने की सीख दी।

खेल के माध्यम से बच्चों को किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बालक वर्ग में रमण हाउस और अशोका हाउस के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि बालिका वर्ग में शिवाजी हाउस और टैगोर हाउस की टीमों ने खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आर्यन कुमार, कुंदन और सरोज ने अंपायर की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में आरक्षी प्रशिक्षक रोहित दुबे, नगर थाना इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अमित गुप्ता सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। मौके पर विद्यालय की प्राचार्य स्नेहा, जुलियाना टुडू, शिवेश झा, अशोक सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे।