नई दिल्ली: बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। रविवार यानी 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं सामान्य रूप से संचालित करने का फैसला लिया गया है। ऐसे में ग्राहक 27 सितंबर को बैंक जाकर अपने जरूरी काम निपटा सकते हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी बैंक शाखाओं, संबंधित कार्यालयों, एटीएम से जुड़े कार्यालयों और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को खोलने की अनुमति दी है। सरकार के मुताबिक, इसका उद्देश्य हड़ताल से पहले ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए एक अतिरिक्त कार्यदिवस उपलब्ध कराना है।

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार है। रविवार को बैंक खुले रहने से ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग काम पूरा करने का अतिरिक्त मौका मिलेगा।

बैंक कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करना और प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन यानी Performance Linked Incentive (PLI) योजना को वापस लेना शामिल है। सरकार के अनुसार, बातचीत के बाद PLI योजना को फिलहाल स्थगित रखा गया है। वहीं, पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग पर विचार किया जा रहा है।

30 सितंबर को हाफ ईयरली क्लोजिंग

30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल का तीसरा दिन है। इसी दौरान बैंकों की अर्धवार्षिक क्लोजिंग भी होती है। इस अवधि में खातों के मिलान, प्रोविजनिंग, ट्रेजरी और मार्केट से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। ऐसे में इस दिन हड़ताल होने से बैंकिंग संचालन के प्रभावित होने की आशंका है।

सरकार ने हड़ताल टालने की अपील की

सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से बातचीत के जरिए लंबित मांगों का समाधान निकालने और प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की गई है। सरकार का कहना है कि ग्राहकों की सुविधा प्राथमिकता है और जरूरी बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

27 सितंबर को निपटा लें जरूरी काम

अगर आपको बैंक शाखा में चेक जमा करना है, कैश से जुड़ा काम करना है, दस्तावेज जमा करने हैं या कोई अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य है, तो 27 सितंबर को इसे पूरा कर लेना सुविधाजनक रहेगा। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।