मधुपुर में महिला पर गिरा विशाल पेड़ पैर में गंभीर चोट
मधुपुर
(देवघर): मधुपुर
शहर के पत्थरचपटी इलाके में सड़क किनारे लगा एक विशाल पेड़ अचानक महिला के ऊपर गिर
गया। हादसे में महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। घायल महिला की पहचान फूलदानी
कुमारी रोड निवासी 50 वर्षीय हीरामुनी हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया
गया कि हीरामुनी हेंब्रम अपने निजी काम से मधुपुर बाजार गई थीं। वहां से वापस घर
लौटने के दौरान पत्थरचपटी के पास सड़क किनारे लगा विशाल पेड़ अचानक उनके ऊपर गिर
गया। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई। हालांकि घटना में कोई अन्य व्यक्ति
हताहत नहीं हुआ। घटना
की सूचना मिलते ही एचएचए फाउंडेशन की टीम के सदस्य छोटू,
धीरज यादव, दानिश इकबाल, सुशील रंजन और शहनवाज नूर मौके पर
पहुंचे। टीम ने घायल महिला को तत्काल मधुपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल
में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। एक्स-रे जांच में पैर में गंभीर
चोट की जानकारी सामने आने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर
सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इधर,
घटना के बाद सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया
गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य
हुआ। अचानक पेड़ गिरने की घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना
रहा।














