चैनपुर (गुमला):  चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सोहन चौक पर चोरों ने नीरज जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की छत का एस्बेस्टस तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नकदी समेत बड़ी मात्रा में सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

पीड़ित दुकानदार और चैनपुर निवासी नीरज झा ने बताया कि रोजाना की तरह जब वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो छत का एस्बेस्टस टूटा हुआ था और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखी बिक्री की नकदी के अलावा कुरकुरे, लेस, कोल्ड ड्रिंक्स समेत कई अन्य सामान गायब मिले।

चोरी की घटना के दौरान चोरों ने दुकान के आसपास पटाखे भी फोड़े। बताया गया कि बीती रात इलाके में करमा पर्व का माहौल था। ऐसे में आसपास के लोगों ने पटाखों की आवाज को त्योहार से जोड़कर देखा और इस वजह से किसी को चोरी की आशंका नहीं हुई। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना के एसआई मुकेश कुमार सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले भी प्रखंड मुख्यालय के लूथरन स्कूल के पास शशि बरला के जनरल स्टोर में इसी तरह चोरी की घटना हुई थी। व्यवसायियों का कहना है कि उस मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में चिंता और आक्रोश बढ़ रहा है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।