गिरिडीह शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू बरगंडा स्थित तिलकधारी प्रसाद रोड में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार गृहस्वामी अमित कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ पश्चिम बंगाल के तारापीठ पूजा करने गए हुए थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे का लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।चोरों ने घर में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।चोरों ने घर में जमकर उत्पात मचाया। अलमारी तोड़ने के अलावा बच्चों की गुल्लक तक खाली कर दी। इतना ही नहीं, घर में रखी मिठाई और खाने पीने की चीजें भी खाकर चले गए।परिवार जब वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे का दरवाजा टूटा मिला।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।इधर स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस चोरों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।