सरायकेला: पत्रकार अभिषेक भारती के मामले को लेकर पत्रकार संगठनों में विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सरायकेला प्रेस क्लब ने आपातकालीन बैठक आयोजित कर उनके समर्थन में एकजुटता जताई। बैठक में पत्रकारों ने प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की और पत्रकारों के सम्मान, स्वतंत्रता एवं सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

बैठक का नेतृत्व प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने किया। इसमें प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए क्लब के सदस्य शामिल हुए।

अभिषेक भारती के मामले पर जताई नाराजगी

बैठक में द भारत मित्र चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती के साथ प्रशासन द्वारा कथित रूप से दबाव बनाए जाने और अपराधियों जैसा व्यवहार किए जाने के आरोपों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित पत्रकारों ने इस पूरे प्रकरण पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकारों की सुरक्षा का सवाल उठाया।

अन्याय होने पर आंदोलन की चेतावनी

प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि अभिषेक भारती के कठिन समय में सरायकेला प्रेस क्लब उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता करना उनका अधिकार है। पत्रकारों को डराने, दबाव बनाने या उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभिषेक भारती के साथ किसी भी तरह का अन्याय या ज्यादती होती है, तो सरायकेला प्रेस क्लब चुप नहीं बैठेगा। जरूरत पड़ने पर जिले के पत्रकार एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।

बैठक में शामिल पत्रकारों ने भी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के मुद्दे पर पूरा पत्रकार समाज साथ खड़ा है।