खदानों में सुरक्षा और सेहत पर जोर, 18 खदानों के कर्मियों का होगा ट्रेड टेस्ट
लोहरदगा: 64वें खान सुरक्षा सप्ताह 2026 के तहत खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS), चाईबासा प्रक्षेत्र के तत्वावधान में 18 नवंबर को बगड़ू में ट्रेड टेस्ट एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिले की ए-2ए एवं ए-2बी श्रेणी की बॉक्साइट और पत्थर खदानों के कुल 18 खदानों से लगभग 140 खान कर्मी हिस्सा लेंगे। इस संबंध में बगड़ू में वरीय खान महाप्रबंधक अजय कुमार पांडे ने बताया कि ट्रेड टेस्ट का मुख्य उद्देश्य खदानों में कार्यरत कर्मियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना है। इसके साथ ही कर्मियों को खान सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित खनन कार्यप्रणाली एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों की जानकारी देना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। सहायक महाप्रबंधक सह कार्यक्रम संयोजक एसएस वशिष्ठ ने बताया कि ट्रेड टेस्ट में शामिल होने वाले खान कर्मियों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। शिविर का उद्देश्य खनन कार्यों के दौरान होने वाली व्यावसायिक बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। ट्रेड टेस्ट में माइनिंग मेट, ब्लास्टर, हैवी व्हीकल ऑपरेटर, वेल्डर, मैकेनिक, फिटर और इलेक्ट्रिशियन सहित विभिन्न श्रेणियों के खान कर्मी भाग लेंगे। इस आयोजन के दौरान उनकी तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और स्वास्थ्य का मूल्यांकन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी दुबे, उज्ज्वल मिश्रा, चंद्रकांत दुबे, रानी कुमारी, प्रद्युम्न कुमार, मनोज द्विवेदी, भास्कर सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, अबीर चक्रवर्ती, प्रज्ज्वल साहू, अभय भारती, सुजल सिंह, श्यामसुंदर महतो सहित अन्य खान कर्मी मौजूद रहे।














