गिरिडीह: भारत मित्र के कार्यालय में हुई पुलिसिया कार्रवाई और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के विरोध में प्रेस क्लब गिरिडीह ने मंगलवार को नाराजगी जताई। इस संबंध में प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने सरकार और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की मांग की।

अभिषेक भारती पर दर्ज मामला वापस लेने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से प्रेस क्लब ने पूरे मामले पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश सिन्हा ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ जिस तरह मामला दर्ज किया गया है, वह उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने और अभिषेक भारती पर दर्ज मुकदमे को अविलंब वापस लेने की मांग की।

पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा जरूरी

राकेश सिन्हा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। उनके साथ किसी भी तरह की अनुचित कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा करना जरूरी है।

प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने भी एकजुट होकर पत्रकारों के हितों की रक्षा और पूरे मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग उठाई।

इस मौके पर प्रेस क्लब गिरिडीह के जिलाध्यक्ष राकेश सिन्हा, सचिव अरविन्द अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी अग्रवाल, प्रवीण राय, प्रमोद चौधरी, अमरनाथ सिन्हा, श्रीकांत उज्जैन, बिनोद शर्मा, पियूष मिश्रा, संतोष तिवारी, विकास सिंह और मनोज कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।