हजारीबाग: शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत अवैध होर्डिंग, बैनर और अस्थायी संरचनाओं को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को डिस्ट्रिक्ट मोड़ से इंद्रपुरी चौक तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नवाबगंज स्थित महर्षि दयानंद वेद वेदांग विद्यापीठ-आर्ष कन्या गुरुकुल के पास नगर निगम की टीम और संस्थान के आचार्य के बीच विवाद हो गया।

सरकारी नाली और सड़क की जमीन पर होर्डिंग लगाने का आरोप

नगर निगम के अनुसार, अभियान के दौरान महर्षि दयानंद मार्ग पर स्थित गुरुकुल की ओर से सरकारी नाली और सड़क की जमीन पर होर्डिंग संरचना स्थापित किए जाने का मामला सामने आया। निगम की टीम ने संस्थान से उक्त संरचना के संबंध में वैध अनुमति और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।

नगर निगम का आरोप है कि इस दौरान संस्थान के आचार्य ने दस्तावेज दिखाने के बजाय निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ अभद्र एवं आक्रामक व्यवहार किया। निगम की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि आचार्य ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए टीम को डराने-धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया।

बच्चियों को आगे करने का भी लगाया आरोप

नगर निगम की ओर से जारी जानकारी में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान आचार्य ने विद्यालय में पढ़ने वाली छोटी बच्चियों को आगे कर दिया। निगम का दावा है कि बच्चियों को धक्का देकर और गले से पकड़कर टीम के सामने आगे बढ़ाया गया, ताकि कार्रवाई को प्रभावित किया जा सके।

नगर निगम के मुताबिक, इस स्थिति के बावजूद टीम ने संयम और धैर्य बनाए रखा तथा प्रशासनिक मर्यादा के तहत अपना काम जारी रखा। निगम ने कहा है कि आचार्य के कथित अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में हटाए गए अवैध बैनर और होर्डिंग

विवाद के बाद भी नगर निगम की टीम ने निर्धारित मार्ग पर अभियान जारी रखा और बिना वैध अनुमति लगाए गए अवैध होर्डिंग, बैनर एवं अस्थायी संरचनाओं को हटाया।

नगर निगम ने सभी संस्थानों, प्रतिष्ठानों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का बैनर, होर्डिंग या अस्थायी संरचना लगाने से पहले निगम से विधिवत अनुमति लें और निर्धारित शुल्क एवं कर का भुगतान करें। बिना अनुमति विज्ञापन संरचना लगाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।