एसआईआर की पारदर्शिता को लेकर डीसी ने की सुपर चेकिंग, 25 आवेदनों का किया स्थलीय सत्यापन
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे कार्यों में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने मंगलवार को 09 जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनके आवेदन, दस्तावेज और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच की। सुपर चेकिंग के दौरान उपायुक्त ने नारायणपुर और जामताड़ा प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 99, 102, 229 और 233 का निरीक्षण किया। यहां फॉर्म-6, फॉर्म-7, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और नो मैपिंग से संबंधित करीब 25 आवेदनों का स्थलीय सत्यापन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बीएलओ और संबंधित पदाधिकारियों को लंबित नोटिसों का समयबद्ध सत्यापन करने तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और नो मैपिंग से जुड़े मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि सत्यापन और नोटिस से संबंधित मामलों में बीएलओ को सही जानकारी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि पुनरीक्षण का कार्य सही तरीके से पूरा किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष पेंशन, दिव्यांगता प्रमाणपत्र सहित अन्य समस्याएं भी रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, एईआरओ देवराज गुप्ता, कमलेश कुमार दास, अविश्वर मुर्मू सहित बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित थे।चार मतदान केंद्रों पर पहुंचे उपायुक्त
पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर
ग्रामीणों ने पेंशन और दिव्यांगता प्रमाणपत्र की समस्याएं भी रखीं














