जमशेदपुर: साकची स्थित रवींद्र भवन परिसर में आयोजित 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले में स्टॉल नंबर 13 लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां अहमदिया मुस्लिम जमात, जमशेदपुर की ओर से एक विशेष जानकारीपरक प्रदर्शनी लगाई गई है। इस्लाम धर्म से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी लेने के लिए पुरुषों और महिलाओं की उत्सुकता देखने को मिल रही है।

पैगंबर के जीवन से लेकर हिजाब और तीन तलाक तक की जानकारी

प्रदर्शनी में पैगंबर हजरत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जीवन, इस्लाम में जिहाद की वास्तविक अवधारणा, हिजाब का महत्व, बहुविवाह और तीन तलाक जैसे विषयों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा धार्मिक मान्यताओं और अहमदिया समुदाय से जुड़े विषयों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

जिज्ञासाओं के समाधान के लिए संवाद का अवसर

प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को इस्लाम से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी देना और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है। पुस्तक मेले में पहुंच रहे कई लोग स्टॉल पर रुककर प्रदर्शित जानकारियों को पढ़ रहे हैं और धर्म से जुड़े विषयों में रुचि दिखा रहे हैं।

29 नवंबर तक चलेगा पुस्तक मेला

गौरतलब है कि टैगोर सोसाइटी की ओर से आयोजित 40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला 20 से 29 नवंबर तक रवींद्र भवन परिसर में चल रहा है। मेले में विभिन्न विषयों और भाषाओं की पुस्तकों के साथ ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियां भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।