सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के काला डूंगरी मोड़ पर मंगलवार अहले सुबह करीब 5:30 बजे मुर्गा लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन पलटते ही कुछ लोग उसमें लदे मुर्गे निकालने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर मुर्गों की लूट जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ युवकों के हंगामे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

नंगटासाई से सरायकेला आ रहा था पिकअप

मिली जानकारी के अनुसार, मुर्गा लदा पिकअप वाहन नंगटासाई से चमारू होते हुए सरायकेला की ओर आ रहा था। इसी दौरान काला डूंगरी मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

तीन युवकों पर डराने-धमकाने और मारपीट का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच तीन युवक मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि युवक जबरन पलटे हुए वाहन पर चढ़ गए और उसकी जाली तोड़कर मुर्गे निकालने लगे।

स्थानीय लोगों का दावा है कि युवकों में से एक के पास हथियार जैसा दिखने वाला सामान था, जिसे दिखाकर वह लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, उसके पास मौजूद सामान वास्तव में हथियार था या कुछ और, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

वाहन के मैनेजर से हाथापाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा

वाहन के मैनेजर और अन्य लोगों ने जब युवकों को मुर्गे निकालने से रोकने की कोशिश की तो उनके बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। इससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन घटनास्थल पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद थाना प्रभारी विनय कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

युवकों की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनाक्रम में शामिल युवकों की भूमिका और उनके पास मौजूद संदिग्ध सामान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।