गुमला में ट्रक-कार की टक्कर के बाद ट्रक में लगी आग चालक की जलकर मौत
गुमला: जिला मुख्यालय के कार्तिक उरांव कॉलेज के समीप पालकोट रोड पर मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से जा टकराया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर राख हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक की आग में जलकर मौत हो गई। घटनास्थल पर चालक का केवल नर कंकाल बचा मिला। आधी रात हुए इस भीषण हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रक में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। हादसे में कार को कितना नुकसान हुआ और उसमें सवार लोगों की स्थिति क्या रही, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।आग की चपेट में आया पूरा ट्रक
हादसे के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी














