पूर्णिमा पर चासनाला सूर्य मंदिर घाट पर उमड़ी भीड़, दामोदर में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
झरिया: पूर्णिमा के पावन अवसर पर चासनाला स्थित दामोदर नदी के सूर्य मंदिर घाट पर आस्था और भक्ति का नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु घाट पर पहुंचीं। पूरा सूर्य मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के माहौल में डूबा नजर आया। पूर्णिमा के अवसर पर महिला श्रद्धालुओं ने दामोदर नदी में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। सूर्य मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल के साथ बच्चों के मनोरंजन की भी व्यवस्था देखने को मिली। बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे। जहां महिलाएं पूजा-अर्चना में लीन थीं, वहीं बच्चे झूलों का आनंद लेते और खेलते-कूदते नजर आए। इससे परिसर में मेले जैसा खुशनुमा माहौल बना रहा। पूर्णिमा के अवसर पर चासनाला सूर्य मंदिर घाट पर श्रद्धा, भक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। दामोदर नदी का पवित्र तट श्रद्धालुओं की मौजूदगी से गुलजार रहा। पूजा-अर्चना के साथ बच्चों की खिलखिलाहट ने पूरे परिसर के माहौल को खास बना दिया।दामोदर नदी में लगाई आस्था की डुबकी
बच्चों के लिए झूले बने आकर्षण का केंद्र
आस्था और मनोरंजन का दिखा संगम














