सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। रोड नंबर चार स्थित एक रूई दुकान के पास हुई इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

विवाद के बाद एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे रोड नंबर चार स्थित रूई दुकान के पास दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। बताया जाता है कि पहले एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला किया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने भी उस पर चाकू से वार कर दिया।

सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस

घटना के बाद दोनों की हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी आरआईटी थाना पुलिस को दी। आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। चाकूबाजी के पीछे की वजह क्या थी और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।