छठ घाटों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस और मेडिकल टीमें, मेयर रोशनी खलखो ने सिविल सर्जन को लिखा पत्र
रांची: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और चिकित्सीय आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। रांची की मेयर रोशनी खलखो ने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रांची को पत्र लिखकर अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही आगामी तीन से चार महीनों तक सर्दी के मौसम को देखते हुए अस्पतालों में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है। त्योहारों पर अस्पतालों में अलर्ट रहेंगे डॉक्टर दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए मेयर ने अस्पतालों के बर्न वार्ड को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया है। इसके साथ ही जीवनरक्षक उपकरण, जरूरी दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं, छठ महापर्व के दौरान अधिक भीड़ वाले घाटों पर एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और मेडिकल टीमों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आपातकालीन सेवाओं की निगरानी के लिए वरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को भी कहा गया है। सदर अस्पताल के सभी वार्डों का रोजाना होगा निरीक्षण मेयर ने सर्दी के मौसम में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त चादर, कंबल, बेड और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से सदर अस्पताल के सभी वार्डों का संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण करने को कहा गया है। मेयर ने स्वास्थ्य विभाग से त्योहारों के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सक्रिय रखने और सर्दी के मौसम में मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा है।














