गाजियाबाद:  उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार रात वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब नौ बजे हुए विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना में एक फूड डिलीवरी कर्मचारी को हल्की चोट लगने की सूचना है। धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।

धमाके के बाद मौके पर पहुंची एटीएस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। शुरुआती जांच में मौके से किसी विस्फोटक पदार्थ या बारूद के अवशेष मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी लेने का दावा

धमाके के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें 'तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिंदुस्तान' नाम के संगठन ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। यह पोस्ट 'Ghazi 2' नाम के अकाउंट से साझा की गई बताई जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अब तक इस संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां वायरल पोस्ट की प्रामाणिकता, अकाउंट की पहचान और धमाके से उसके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।

हर पहलू से जांच में जुटीं एजेंसियां

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर धमाके की वजह और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सोशल मीडिया पर किए गए दावे को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल किसी संगठन की संलिप्तता या धमाके की वास्तविक वजह को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।