रामगढ़: देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी तालमेल और भाईचारे की झलक रामगढ़ स्थित पंजाब रेजिमेंटल सेंटर (PRC) में आयोजित दिवाली मेले में देखने को मिली। मेले में भारतीय सेना के जवानों, उनके परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ शामिल होकर त्योहार की खुशियां बांटीं।

सैनिक-सिविलियन भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का मकसद सेना और आम नागरिकों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना और उनके बीच की दूरी कम करना है। इस आयोजन ने सैनिकों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को एक साथ मिलकर उत्सव मनाने का अवसर दिया।

मेले में लजीज व्यंजनों के स्टॉल, विभिन्न प्रकार के खेल, सेना के बैंड की मधुर धुनें और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। वहीं, दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में पहुंचे लोगों ने सजावट के सामान, दीये, मोमबत्तियां और हस्तशिल्प से बने उत्पादों की जमकर खरीदारी की।

इस आयोजन के जरिए सेना और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया गया। मेले में शामिल लोगों ने उत्सव के माहौल का आनंद लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ के डिप्टी कमांडेंट मानवेंद्र सिवाच और आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष रूपी कौशल ने भी अपने विचार साझा किए।