गिरिडीह: धनबाद के बारामुड़ी खटाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी का असर अब गिरिडीह में भी देखने को मिला। धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की ओर से JLKM नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में बुधवार को JLKM कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शहर के टावर चौक पर सांसद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

टावर चौक पर जुटे JLKM कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके कथित बयान की कड़ी निंदा की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंचों से बोलते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

राजनीतिक मतभेद में भी मर्यादा जरूरी

JLKM कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है, लेकिन असहमति जताने के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उनका आरोप था कि बारामुड़ी खटाल मामले में JLKM नेताओं को लेकर सांसद की टिप्पणी मर्यादित नहीं थी।

पुतला दहन कर जताया विरोध

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि सांसद के कथित बयान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी विरोध को दर्ज कराने के लिए टावर चौक पर पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में JLKM के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।