कोडरमा: जिले के डोमचांच में मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान में चोरी की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। दुकानदार की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल से जुड़े कई सामान भी बरामद किए हैं।

छत काटने की आवाज से खुली नींद

जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर की रात तेतरियाडीह निवासी विकास कुमार मेहता अपनी मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें दुकान की करकट वाली छत काटे जाने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर छत पर दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। दुकानदार ने बिना देर किए डोमचांच थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी।

पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेतरियाडीह निवासी अजीत यादव और गिरिडीह जिले के डोरंडा निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में हुई है।

इंजन ऑयल और बाइक के पार्ट्स बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एचपी इंजन ऑयल, मोटरसाइकिल स्प्रे कलर, साइड इंडिकेटर और हीरो कंपनी की डिक्की बरामद की है। इस मामले में डोमचांच थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार, एसआई सुबोध पाठक के साथ सशस्त्र बल और पैंथर जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दुकान में चोरी की वारदात टल गई।