गोविंदपुर धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र की मटियाला पंचायत स्थित मचामहुल गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल SNMMCH धनबाद भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मचामहुल निवासी काशी गोप की 21 वर्षीय पत्नी फुलटुसी देवी की बीती रात अचानक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर गोविंदपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतका के चचेरे भाई अनिल महतो ने आरोप लगाया कि फुलटुसी की शादी पिछले वर्ष काशी गोप के साथ हुई थी और विवाह में लगभग पांच लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। उनका आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर फुलटुसी की हत्या कर दी गई।वहीं गोविंदपुर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।