धनबाद निरसा बरमुरी ओसीपी में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और 22 सूत्री मांगों को लेकर बिहार कोलियरी कामगार यूनियन बीसीकेयू सीटू के बैनर तले गुरुवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। धरने में बड़ी संख्या में मजदूरों और यूनियन कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रमिक हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।धरना स्थल पर पहुंचे निरसा विधायक एवं बीसीकेयू के महासचिव अरुप चटर्जी ने कहा कि यूनियन की ओर से प्रबंधन को पहले ही 22 सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए 9 जून से आंदोलन की सूचना दी गई थी लेकिन इसके बावजूद किसी भी मांग पर ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के कारण मजदूरों में भारी असंतोष है।अरुप चटर्जी ने आरोप लगाया कि कोलियरी क्षेत्र में कोयला केबल मशीन और डीजल की चोरी रोकने में प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा है। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है और उत्पादन के साथ साथ मजदूरों के हित भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कोलियरी परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।धरने के दौरान श्रमिकों के लंबित एरियर का भुगतान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और अन्य श्रमिक कल्याण से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।उन्होंने चेतावनी दी कि यह धरना क्रमिक रूप से सभी क्षेत्रों की शाखाओं में आयोजित किया जाएगा और यदि इसके बाद भी ईसीएल प्रबंधन नहीं जागा तो ईसीएल मुख्यालय के समक्ष विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।