धनबाद निरसा मैथन स्थित बीएसके कॉलेज अब केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि क्षेत्रीय विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएगा। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है।उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विस्थापन प्लास्टिक प्रतिबंध प्रदूषण नियंत्रण और ग्रीन ऑडिट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता अभियान चलाने की योजना बना रहा है। इससे विद्यार्थियों के साथ साथ स्थानीय समुदाय को भी लाभ मिलेगा।प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज परिसर की सबसे बड़ी समस्या बाउंड्री वॉल का अभाव है जिसके निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मॉडर्न लाइब्रेरी आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। साथ ही कॉलेज की अन्य आधारभूत समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रशासनिक स्तर पर पहल जारी है।डॉ. प्रवीण सिंह ने बताया कि धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन का कॉलेज को पूरा सहयोग मिल रहा है जिससे लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने कार्यभार संभालने के बाद लंबे समय से बंद पड़े सोलर सिस्टम को फिर से चालू कराया है। इसके अलावा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को पुनः शुरू कर पारदर्शिता और अनुशासन को बढ़ावा दिया गया है।कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। वहीं घटते नामांकन को देखते हुए नए छात्रों को जोड़ने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ा जा सके।