गढ़वा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर स्थित अनुमंडल कार्यालय मैदान में गुरुवार को खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह तथा झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया।कार्यक्रम के तहत अनुमंडल मैदान से एक विशाल जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई जो मुख्य मार्ग कचहरी परिसर ब्लॉक मोड़ और जंगीपुर पावर हाउस होते हुए पुनः अनुमंडल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं खिलाड़ियों एवं स्थानीय युवाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि साइकिल स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करें यही सरकार की मंशा है।एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और खेल गतिविधियों से जुड़े रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। वहीं झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का मजबूत आधार हैं तथा साइकिल चलाने से हृदय रोग, मोटापा और तनाव जैसी समस्याओं में कमी आती है।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य बाला रानी देवी झामुमो नेत्री किरण देवी एवं वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र चौबे ने भी अपने विचार रखे। गढ़वा जिला खेल प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता और आयोजन प्रभारी उज्ज्वल विश्वकर्मा ने अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया जबकि मंच संचालन कमलेश पांडेय ने किया।एलीट ग्रुप में प्रियांजलि कुमारी ने प्रथम प्रतिमा कुमारी ने द्वितीय और प्रियंका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर वर्ग में प्रतिमा कुमारी प्रथम सुषमा पांडेय द्वितीय और रूपा कुमारी तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में हेमा राज ने पहला प्रीति कुमारी ने दूसरा तथा नंदनी पासवान ने तीसरा स्थान हासिल किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में इंसानियत ट्रस्ट के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शुभम शर्मा भारती रंजन मनीष कुमार रामाशीष कुमार मुकेश ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने प्रतिभागियों के बीच पानी और जूस वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।