हजारीबाग भीषण गर्मी के बीच जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत फुसरी गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में स्थापित जलमीनार पिछले 6 से 7 महीनों से खराब पड़ी है जिससे स्थानीय लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं चापाकलों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है जिसके कारण पानी निकालना मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार खराब होने की सूचना कई बार पंचायत स्तर पर संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार बढ़ती गर्मी और गिरते भू जल स्तर के कारण हालात और गंभीर होते जा रहे हैं।स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि जल्द ही जलमीनार को दुरुस्त नहीं कराया गया तो उन्हें करीब दो किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ेगा। इससे महिलाओं बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पेयजल संकट को देखते हुए तत्काल जलमीनार की मरम्मत कराई जाए और वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और गांव में पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।