सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है  जिसमें एक महिला चलती ट्रेन के अंदर वट सावित्री पूजा करती नजर आ रही है। वीडियो में महिला ट्रेन के 3AC कोच के भीतर प्लास्टिक की बोतल में रखी बरगद की डाल के चारों ओर परिक्रमा करती दिखाई दे रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे महिला की आस्था और श्रद्धा से जोड़कर देख रहे हैं  जबकि कई लोग सार्वजनिक जगह पर इस तरह पूजा करने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पूजा सामग्री के साथ ट्रेन के भीतर व्रत की रस्में निभा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि वट सावित्री पूजा में पारंपरिक रूप से बरगद के वास्तविक पेड़ की पूजा की जाती है  इसलिए इस तरह ट्रेन में पूजा करना उचित नहीं माना जा सकता। वहीं कई लोगों ने इसे आस्था का सम्मान  बताते हुए महिला का समर्थन किया। वीडियो पर कई मजेदार प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भेज देना चाहिए।  वहीं कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों को सिविक सेंस  से जोड़ते हुए सवाल उठाए। वीडियो को लेकर अब सोशल मीडिया पर आस्था परंपरा और सार्वजनिक स्थानों पर व्यवहार को लेकर चर्चा जारी है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह किस ट्रेन और किस रूट का है।