दुमका जरमुंडी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही छिनतई की घटनाओं से स्वर्ण व्यवसायियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। बढ़ती घटनाओं को लेकर जरमुंडी बाजार के सोना चांदी व्यवसायी सोमवार को जरमुंडी थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। स्वर्ण व्यवसायियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई दुकानदार छिनतई की घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। इससे पूरे बाजार के व्यवसायियों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि खासकर हटिया और भीड़ भाड़ वाले दिनों में अपराधी सक्रिय हो जाते हैं और दुकानों या बाइक की डिक्की में रखे जेवरात लेकर फरार हो जाते हैं। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग करते हुए प्रमुख चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने  चौकीदारों की तैनाती करने तथा नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की अपील की है। दुकानदारों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ी वारदात हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि व्यापारियों में भरोसा कायम हो सके।