कोलकाता के भीड़भाड़ वाले राजाबाजार इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के मुताबिक  नमाजियों की बढ़ती संख्या और मस्जिद में जगह कम पड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ  जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि एक मस्जिद में ज्यादा भीड़ होने के कारण कुछ लोग पास की दूसरी मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे थे। हालांकि दूसरी मस्जिद के प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उन्हें वापस पहली मस्जिद में जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई  जो बाद में धक्का मुक्की और तीखी नोकझोंक तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार  कुछ लोग सड़क पर भी नमाज अदा करने लगे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए माहौल और तनावपूर्ण हो गया।  हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।