गुजरात के सूरत शहर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है  जहां एक महिला वकील ने एक व्यक्ति पर अपनी पहचान छुपाकर प्रेम संबंध बनाने और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को रोहन  नाम से परिचित कराया और लंबे समय तक अपनी असली पहचान छुपाए रखी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पेशे से वकील है और वर्ष 2018 के आसपास उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई थी। दोनों के बीच पहले पेशेवर संबंध बने और बाद में निजी संबंध विकसित हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों ने मिलकर वकालत का कार्यालय भी शुरू किया था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाकर उसका विश्वास जीता। महिला का कहना है कि आरोपी उसके साथ पूजा पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होता था  जिससे उसे उसकी पहचान पर कोई शक नहीं हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाते हुए उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद जांच करने पर उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाह कर चुका है। मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।