धनबाद जिले के गोमो हरिहरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया  जब एक युवती अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान युवती प्रेमी को छोड़ने और उससे शादी कराने की मांग करती रही। घटना गोमो के सिकलाइन इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शाहरिया निवासी देवन्ती कुमारी नामक युवती एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक को किसी मामले में निमियाघाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद युवती सीधे सिकलाइन स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद वह नीचे उतरने से इनकार करती रही और पुलिस व स्थानीय लोगों के समझाने के बावजूद अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी को तत्काल रिहा किया जाए और दोनों की शादी कराई जाए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। टावर पर युवती को देख इलाके में सनसनी फैल गई और लोग किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हो उठे। सूचना मिलने पर हरिहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। हरिहरपुर थाना प्रभारी अंकित कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया और उसे थाने लाया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय मुखिया अहमद अली ने बताया कि युवती काफी देर तक टावर पर चढ़ी रही। पुलिस और ग्रामीणों के समझाने के बाद वह नीचे उतरी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।