Asian Games 2026 Day 9: भारत ने स्क्वैश, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में जीते पदक, कुल संख्या 32 पहुंची
Asian Games 2026: एशियन गेम्स के 9वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने स्क्वैश, बॉक्सिंग, हॉकी और एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन किया। दिन की शुरुआत स्क्वैश में दो रजत पदकों के साथ हुई, जबकि बॉक्सिंग में भारत ने दो और पदक पक्के कर लिए। एथलेटिक्स में हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इन नतीजों के बाद एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 32 हो गई है। इनमें 4 स्वर्ण पदक शामिल हैं। स्क्वैश के व्यक्तिगत मुकाबलों में भारत को दो रजत पदक मिले। अभय सिंह और अनाहत सिंह ने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में हार के बावजूद भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। अभय सिंह को फाइनल में मलेशिया के शीर्ष वरीय ईन योव एनजी के खिलाफ 11-9, 11-5, 11-5 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 18 वर्षीय अनाहत सिंह को मलेशिया की सिवसांगरी सुब्रमणियम ने 11-4, 11-4, 11-7 से हराया। दोनों खिलाड़ियों की फाइनल तक की यात्रा भारतीय स्क्वैश के लिए अहम उपलब्धि रही। भारतीय मुक्केबाजों ने भी दिन को खास बनाया। पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में अंकुश पंघाल ने ताजिकिस्तान के नेकृज सलीमोव को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही उनका पदक सुनिश्चित हो गया। वहीं, पुरुषों के 90+ किलोग्राम वर्ग में नरेंद्र बरवाल ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में थाईलैंड के अधापोंग सैंगतेप को RSC के जरिए हराया। इस जीत के साथ नरेंद्र ने भी अंतिम चार में जगह बनाते हुए भारत के लिए एक और पदक पक्का किया। महिला हॉकी में भारतीय टीम ने सिंगापुर के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 5-0 से जीत दर्ज की। भारत ने दूसरे क्वार्टर में लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए पांचों गोल किए। सलीमा टेटे ने 17वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल किया। इसके बाद सुनीलिता टोप्पो ने 22वें और 24वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। इसके बाद लालरेम्सियामी ने 26वें मिनट में गोल किया, जबकि रुतुजा पिसाल ने 29वें मिनट में भारत का पांचवां गोल पूरा किया। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 19.88 सेकंड का समय निकालकर गेम्स रिकॉर्ड बनाया और एशियाई रिकॉर्ड की बराबरी की। भारत के अनिमेष कुजूर ने 20.80 सेकंड का समय दर्ज किया और रेस में पांचवें स्थान पर रहे। महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा में भारत की हरिता भद्रा ने कांस्य पदक जीतकर एथलेटिक्स में देश की पदक संख्या में इजाफा किया। हरिता के इस प्रदर्शन से भारत को एथलेटिक्स में एक और पदक मिला और दिन का भारतीय अभियान और मजबूत हुआ। दिन 9 के दौरान एथलेटिक्स की कई अन्य स्पर्धाओं के फाइनल भी खेले जाने हैं। इनमें महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़, पुरुषों की हाई जंप और महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज समेत अन्य मुकाबले शामिल हैं। भारतीय दल की नजरें इन स्पर्धाओं में भी पदक जीतकर एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर होंगी।स्क्वैश में अभय और अनाहत ने जीते रजत
बॉक्सिंग में दो और पदक हुए पक्के
महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 5-0 से हराया
200 मीटर में अनिमेष कुजूर पांचवें स्थान पर
हरिता भद्रा ने 200 मीटर में जीता कांस्य
एथलेटिक्स में अभी कई मुकाबले बाकी















