डायन बताकर बुजुर्ग दंपती को जिंदा जलाने वाले 3 दोषियों की उम्रकैद बरकरार
रांची: अंधविश्वास के नाम पर बुजुर्ग दंपती को जिंदा जलाने के करीब एक दशक पुराने मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने दोषियों को कोई राहत नहीं दी है। अदालत ने सिमडेगा के बानो थाना क्षेत्र के टेम्ब्रो गांव में हुई इस जघन्य वारदात के तीन दोषियों की अपील खारिज करते हुए निचली अदालत से मिली उम्रकैद की सजा बरकरार रखी है। मामला 13 दिसंबर 2016 की शाम का है। टेम्ब्रो गांव में डायन-बिसाही के अंधविश्वास में आरोपियों ने बुतरू सिंह और उनकी पत्नी बिमला देवी के परिवार को निशाना बनाया था। घर में घुसकर मारपीट की गई और परिवार के बुजुर्ग सदस्यों लोहरा सिंह और चोरठी देवी को कमरे में बंद कर आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। अंधविश्वास के कारण दो बुजुर्गों की जान चली गई थी। वारदात के दौरान बुजुर्ग दंपती को बचाने के लिए आगे आए ग्रामीणों को आरोपियों ने धमकी देकर वहां से भगा दिया। इतना ही नहीं, खलिहान में रखी फसल को भी आग के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में सिमडेगा के अपर सत्र न्यायालय ने 23 मई 2018 को विजय सिंह, शंकर सिंह उर्फ बुधू और दूसरे शंकर सिंह को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद दोषियों ने सजा को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। अपील पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोषियों की दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने मामले में पेश साक्ष्यों और गवाहों की गवाही को पर्याप्त मानते हुए अपील खारिज कर दी। इसके साथ ही तीनों दोषियों की उम्रकैद की सजा कायम रही।13 दिसंबर 2016 को हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात
बचाने पहुंचे ग्रामीणों को भी धमकाया
निचली अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद
हाईकोर्ट ने साक्ष्यों को माना ठोस














