जामताड़ा:  लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर झारखंड सरकार ने सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घाटों पर सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हर श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी है।

साफ-सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग की पड़ताल

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

सभी जिलों के डीसी को दिए निर्देश

मंत्री ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्र के तालाबों, नदियों, डैम और छठ घाटों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने संवेदनशील घाटों की पहचान कर वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने पर जोर दिया।

संवेदनशील घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर और प्रशिक्षित तैराक

मंत्री के निर्देश के मुताबिक, जोखिम वाले घाटों पर जरूरत के अनुसार एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और प्रशिक्षित तैराक तैनात किए जाएंगे। प्रमुख घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, चेतावनी संकेतक और पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

कागजों में नहीं, जमीन पर दिखे तैयारी

डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि छठ पर्व की तैयारियां केवल बैठकों और सरकारी फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। हर घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम धरातल पर नजर आने चाहिए। प्रशासन को समय रहते सभी कमियों को दूर कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल तैयार करने का निर्देश दिया गया है।