टंडवा में केरल निवासी कुक का मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
टंडवा (चतरा): चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान केरल निवासी आंजित के. के रूप में हुई है। वह आईसीएच कंपनी में कुक के पद पर कार्यरत था और करीब 10 दिन पहले ही उसने नौकरी ज्वाइन की थी। घटना के बाद परियोजना परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर एनटीपीसी के मैनेजर अजीत कुमार और मृतक के साथी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। वहां आंजित का शव कमरे में मिला। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एनटीपीसी के एचआर अभिषेक आनंद और टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया गया कि मृतक के परिजनों ने केरल से झारखंड आने में असमर्थता जताई है। इसके बाद एनटीपीसी प्रबंधन शव को उसके पैतृक निवास तक भेजने की व्यवस्था में जुट गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
केरल भेजने की व्यवस्था में जुटा प्रबंधन














