गिरिडीह में अगलगी की घटना, आधे से अधिक दुकान का सामान जलकर नष्ट
गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के बदडीहा में शनिवार की सुबह नीलम ड्रेसेस एंड शू स्टोर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा आधे से अधिक सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकान संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के संबंध में दुकान संचालक राजू राम ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक दुकान से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही धुआं आग में तब्दील हो गया और आग ने दुकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा आधे से अधिक सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आगजनी की इस घटना से दुकान संचालक राजू राम को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। दुकान में रखे कपड़े, जूते और अन्य सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका














