ईचागढ़: अकवान चक्रवात के प्रभाव से पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने सरायकेला-खरसावां जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पानी भर जाने से पककर तैयार धान की फसल सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है।

मधुश्री महतो ने कहा कि किसानों ने खाद, बीज, जुताई और रोपनी में अपनी जमा पूंजी के साथ कर्ज की रकम भी लगा दी थी। फसल तैयार होने के समय लगातार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी और काटकर रखी गई धान की फसल बारिश के पानी में भीगकर खराब हो रही है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।

गांव-गांव जाकर फसल क्षति का आकलन कराने की मांग

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अविलंब गांव-गांव जाकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया जाए और फसल क्षति का वास्तविक आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

फसल बीमा की राशि जल्द मिले, KCC ऋण हो माफ

मधुश्री महतो ने मांग की कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें नियमानुसार बीमा मुआवजे का भुगतान जल्द किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण को शत-प्रतिशत माफ करने की मांग उठाई।

उनका कहना है कि फसल बर्बाद होने के बाद किसानों पर कर्ज का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ना चाहिए। ऐसे समय में सरकार को किसानों के हित में राहत के ठोस कदम उठाने चाहिए।

राहत पैकेज घोषित करने की अपील

मधुश्री महतो ने कहा कि यदि समय पर मुआवजा और राहत नहीं मिली तो प्रभावित किसान परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने राज्य सरकार से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की अपील की, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए आर्थिक नुकसान से किसानों को उबरने में मदद मिल सके।