धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र में बंद कमरे से 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीरज सिन्हा के रूप में हुई है। वह रानी बाजार गुरुद्वारा के समीप सहदेव सिंह के मकान में किराए पर अकेले रहते थे।

बताया जाता है कि नीरज सिन्हा पिछले दो से चार दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे। इसी बीच कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध महसूस होने पर आसपास रहने वाले किरायेदारों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने मकान मालिक सहदेव सिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मामले की जानकारी कतरास थाना पुलिस को दी।

दरवाजा खुलने पर कमरे में मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर नीरज सिन्हा का शव बुरी तरह फूल चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दो से चार दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पिता के निधन के बाद अकेले रह रहे थे नीरज

बताया जाता है कि नीरज सिन्हा अविवाहित थे और अक्सर नशे का सेवन करते थे। उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र नारायण सिन्हा टाटा में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पिता के निधन के बाद से नीरज अकेले ही जीवन गुजार रहे थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बंद कमरे में अकेले रह रहे एक व्यक्ति की मौत की इस घटना ने आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।