साहिबगंज  जिले के तीनपहाड़ एवं आसपास के क्षेत्रों में मुहर्रम का पर्व शुक्रवार को आपसी भाईचारे सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुहर्रम कमेटी की ओर से पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया  जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

चौक मोहल्ला से निकला ताजिया जुलूस

ताजिया जुलूस चौक मोहल्ला से शुरू होकर बैंक मोड़  तीनपहाड़ बाजार और निचेटोला होते हुए विभिन्न मार्गों से निकाला गया। बाद में जुलूस पुनः तीनपहाड़ बाजार पहुंचा  जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

पारंपरिक करतबों ने बांधा समा

जुलूस के दौरान बच्चों  युवाओं और बुजुर्गों ने लाठी  तलवार और भाला जैसे पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। अखाड़ा दलों के हैरतअंगेज करतब लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। छोटे-छोटे बच्चों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकला जुलूस

मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीनपहाड़ थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे स्वयं पूरे जुलूस के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

मौके पर एसआई महेंद्र कुमार  एसआई नारद गहलोत  एएसआई प्रदीप कुमार  एएसआई ललन रजवार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है मुहर्रम

मुहर्रम इस्लामी कैलेंडर का पहला महीना माना जाता है। इस महीने के दसवें दिन  जिसे अशूरा कहा जाता है  पैगंबर हजरत मुहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की कर्बला में हुई शहादत को याद किया जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु रोजा रखते हैं और उनकी कुर्बानी को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं।