बाबा धाम क्षेत्र के शिवगंगा गली स्थित आशुतोष भगत लेन के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला श्रद्धालु का पर्स चोरी हो गया। घटना के बाद श्रद्धालु ने तत्परता दिखाते हुए तीन महिलाओं को संदेह के आधार पर पकड़ लिया  जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

दुकान से सामान खरीदते समय हुई घटना

जानकारी के अनुसार  बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत आड़े थाना क्षेत्र के धकजरिया गांव निवासी संताना देवी अपने परिवार के साथ बाबा धाम दर्शन के लिए पहुंची थीं। वह अपने नाती के उपनयन संस्कार के लिए देवघर आई हुई थीं।

श्रद्धालु ने बताया कि वह शिवगंगा में स्नान कर बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं तभी शिवगंगा गली में एक दुकान पर प्रसाद खरीदते समय उनका पर्स चोरी हो गया।

पर्स लेकर भागी महिला, मौके पर पकड़ी गई संदिग्ध

पीड़िता के अनुसार, एक महिला ने उनका पर्स छीनकर भागने की कोशिश की  लेकिन उन्होंने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोप है कि पर्स दूसरे लोगों को भी पास कर दिया गया।

पीड़िता ने लगभग तीन घंटे तक मौके पर ही पूछताछ की  जिसके बाद एक महिला ने 4000 रुपये नकद वापस कर दिए  लेकिन मोबाइल फोन वापस नहीं किया।

पुलिस ने तीन महिलाओं को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद बाबा मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

मोबाइल की बरामदगी पर जांच जारी

पीड़िता के अनुसार पर्स में 4000 रुपये नकद और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन था। पुलिस अब मोबाइल की बरामदगी और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि पूछताछ के बाद ही हो सकेगी।